थुलेल स्कूल में वार्षिक पारितोषिक समारोह, विधानसभा अध्यक्ष ने 45 लाख के विकास कार्यों का भी किया लोकार्पण

भटीयात/ चुवाडी़ 27 दिसम्बर बबलू पठानीया
भटियात विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थुलेल में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 45 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किए गए विभिन्न विकासात्मक कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 20 लाख रुपये से निर्मित अतिरिक्त विद्यालय भवन, 15 लाख रुपये की डिजिटल लाइब्रेरी तथा 10 लाख रुपये की राशि से किए गए ग्राम पंचायत उन्नयन कार्य शामिल हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार के बाद अब सुदृढ़ीकरण की नीति पर कार्य कर रही है, जिसका उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि सीबीएसई पैटर्न को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय ढांचे के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।उन्होंने जानकारी दी कि प्रथम चरण में प्रदेश के 100 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध किया गया है और भविष्य में इस योजना का और विस्तार किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और कुछ वर्ष पूर्व 21वें स्थान से आज पाँचवें स्थान पर पहुँचना राज्य सरकार की नीतियों का परिणाम है।

उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र के थुलेल में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जाने की घोषणा करते हुए बताया कि इसके लिए एक करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है और आगे चलकर लगभग पाँच करोड़ रुपये से अधिक की राशि से आधुनिक शैक्षणिक परिसर का निर्माण किया जाएगा।समारोह से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु 35 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी, पंजाबी व हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं।प्रधानाचार्य अमन महाजन ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक चेला कृष्ण चंद्र, एसडीएम पारस अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
