योग मानव विकास ट्रस्ट की पहल, पुलिस कर्मियों के शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य हेतु विशेष योग सत्र आयोजित

योग मानव विकास ट्रस्ट की पहल, पुलिस कर्मियों के शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य हेतु विशेष योग सत्र आयोजित

चंबा 15 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

पुलिस कर्मियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से योग मानव विकास ट्रस्ट द्वारा पुलिस लाइन, चंबा में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के अनुभवी योग प्रशिक्षक रणवीर सिंह एवं देवप्रिया काजल ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लंबे समय तक कार्य करना पड़ता है तथा उन्हें निरंतर तनावपूर्ण, चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरी परिस्थितियों का सामना करना होता है। ऐसे में योग उनके लिए तनाव को नियंत्रित करने, मानसिक सजगता बनाए रखने और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी एवं सरल माध्यम है।योग सत्र में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इन अभ्यासों से प्रतिभागियों को मानसिक शांति, एकाग्रता में वृद्धि, शरीर में लचीलापन और आंतरिक शक्ति का अनुभव हुआ। विशेष रूप से श्वसन तकनीकों पर जोर दिया गया, जिससे चिंता और मानसिक दबाव को कम करने में सहायता मिली और मन को स्थिर व केंद्रित रखने का अभ्यास कराया गया।

योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग अभ्यास से न केवल तनाव नियंत्रण में मदद मिलती है, बल्कि बेहतर नींद, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा सकारात्मक सोच का विकास भी होता है। शांत और संतुलित मन पुलिस कर्मियों को कठिन परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने और अपने कर्तव्यों का अधिक कुशलता से निर्वहन करने में सहायक सिद्ध होता है।सत्र के पश्चात सभी अधिकारियों और कर्मियों ने स्वयं को तरोताज़ा, शांत और ऊर्जावान महसूस किया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। योग मानव विकास ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती किरण डोडेजा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोविड-19 से पूर्व ट्रस्ट और पुलिस विभाग के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था, जिसके तहत पुलिस कर्मियों एवं जेल के कैदियों के लिए योग एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किए जाते थे। ट्रस्ट अब इन गतिविधियों को पुनः नियमित रूप से शुरू करने के साथ-साथ पुलिस कर्मियों को अंतर्निर्माण केंद्र में आवासीय योग शिविरों में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!