अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 591 लोगों की जांच, 137 में उच्च रक्तचाप और 134 में शर्करा स्तर अधिक

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 591 लोगों की जांच, 137 में उच्च रक्तचाप और 134 में शर्करा स्तर अधिक

चम्बा, 3 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग चम्बा द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता प्रदर्शनी में आज तक कुल 591 लोगों की असंक्रामक रोगों की जांच की गई। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. बिपिन ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि जांच किए गए व्यक्तियों में से 137 लोगों में रक्तचाप सामान्य से अधिक पाया गया, जबकि 134 लोगों में रक्त शर्करा का स्तर ऊंचा पाया गया। इन सभी को उचित पोषण, नियमित व्यायाम, चिंता से दूर रहने, पर्याप्त नींद लेने और चिकित्सकों द्वारा सुझाई गई दवाएं नियमित रूप से लेने की सलाह दी गई।प्रदर्शनी स्थल पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जनसाधारण को विभिन्न रोगों की रोकथाम व नियंत्रण संबंधी प्रचार सामग्री भी वितरित की गई, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए एक अन्य स्टाल में 313 संवेदनशील लोगों के चेस्ट X-रे किए गए। यह जांचें हैंड-हेल्ड पोर्टेबल X-रे मशीनों की सहायता से की गईं। इन जांचों के आधार पर 12 संदिग्ध मामलों के बलगम के नमूने पंडित जवाहर लाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चम्बा भेजे गए हैं, ताकि आगे की जांच की जा सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन ठाकुर ने बताया कि विभाग का उद्देश्य जन सामान्य को स्वास्थ्य सेवाओं की प्राथमिक जांच उपलब्ध कराना और समय रहते रोगों की पहचान कर उचित मार्गदर्शन देना है।स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!