चम्बा में 23 वर्षीय युवती रहस्यमयी तरीके से लापता, पिता ने एक अध्यापक पर जताया संदेह

चम्बा में 23 वर्षीय युवती रहस्यमयी तरीके से लापता, पिता ने एक अध्यापक पर जताया संदेह

चंबा, 10 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले में एक 23 वर्षीय युवती के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना सदर में दर्ज शिकायत के अनुसार, सलूणी क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। युवती चंबा के बालू में किराए पर रहकर कंप्यूटर की पढ़ाई कर रही थी। पिता ने अपनी शिकायत में उपमंडल सलूणी के ही एक अध्यापक पर संदेह जताया है और आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के लापता होने में उसी का हाथ है।शिकायतकर्ता के अनुसार, अध्यापक और उनकी बेटी के बीच पिछले काफी समय से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत होती थी। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को उक्त अध्यापक चंबा आया था और उसी दिन उनकी बेटी से भी मुलाकात की थी। इस बात की जानकारी लड़की के परिजनों को अध्यापक की पत्नी ने दी। इसके बाद से ही लड़की और अध्यापक दोनों के फोन स्विच ऑफ आने लगे। परिजनों ने बेटी से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन उसका फोन लगातार बंद मिला।पिता ने बताया कि दशहरे के दिन उनकी बेटी के मोबाइल से एक संदेश आया, जिसमें उसने “दशहरे में होने” की बात लिखी और उन्हें फोन न करने का आग्रह किया। इसके बाद से अब तक उसका फोन पूरी तरह से बंद है और उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।दूसरी ओर, आरोपित अध्यापक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

उन्होंने कहा कि उनकी उस लड़की से बात जरूर होती थी, लेकिन पिछले छह महीनों से उन्होंने उससे कोई संपर्क नहीं रखा है। उनका कहना है कि परिवार द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं।पुलिस थाना सदर के अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई जल्द सामने आ जाएगी।गौरतलब है कि शिकायतकर्ता परिवार अत्यंत गरीब है और हाल ही में भूस्खलन की चपेट में आकर उनका मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया था। फिलहाल वे गांव में किराए के मकान में रह रहे हैं और जिला प्रशासन व पुलिस से बेटी का पता लगाने की गुहार लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!