संत निरंकारी भवन बनीखेत के पास नाले में मलवा फेंकने से लोगों में रोष

संत निरंकारी भवन बनीखेत के पास नाले में मलवा फेंकने से लोगों में रोष

डलहोजी/चम्बा 04 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

बनीखेत क्षेत्र में स्थित संत निरंकारी भवन के साथ लगते नाले में पिछले दो दिनों से भारी मात्रा में मिट्टी नुमा मलवा डाले जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे जनस्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताया है। लोगों का कहना है कि नाले में मलवा गिराए जाने के कारण बहता हुआ पानी रुक गया है, जिससे आसपास गंदगी फैलने लगी है।स्थानीय लोगों के अनुसार गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और ऐसे में रुका हुआ पानी मच्छरों और मक्खियों के पनपने का कारण बन सकता है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

निवासियों का यह भी मानना है कि नाले के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं और संभव है कि निर्माण कार्य से निकला मलवा गुपचुप तरीके से यहां डाला जा रहा हो। हालांकि इस संबंध में किसी विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत बनीखेत और प्रशासन से मांग की है कि मामले की तुरंत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही नाले की सफाई कर पानी की निकासी सुचारू रूप से बहाल की जाए, ताकि बरसात के मौसम में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!