उपायुक्त ने चमेरा चरण-III परियोजना प्रभावितों के पुनर्वास मामलों की समीक्षा की

चम्बा, 01 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय जल विद्युत निगम (एनएचपीसी) की चमेरा चरण-III विद्युत परियोजना के अंतर्गत परियोजना प्रभावितों के राहत एवं पुनर्वास से संबंधित मामलों की समीक्षा हेतु विशेष निगरानी समिति की बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय कक्ष में किया गया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और रोजगार से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राहत एवं पुनर्वास (आर एंड आर) नीति के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को संविदा आधार पर रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित ग्राम पंचायत प्रधानों से इच्छुक व्यक्तियों की सूची शीघ्र प्राप्त की जाए, ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कार्य के अवसर प्रदान किए जा सकें।उन्होंने उपमंडल अधिकारी (नागरिक) चम्बा को निर्देश दिए कि भूस्खलन प्रभावित मुचका गांव के निवासियों के पुनर्वास के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और इस उद्देश्य से सरकारी एवं सामुदायिक भवनों को चिन्हित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जा सके।

बैठक में एनएचपीसी प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि परियोजना क्षेत्र में अब तक 38 परियोजना प्रभावित और 66 परियोजना प्रभावित क्षेत्र एवं ज़ोन से संबंधित लोगों को संविदा आधार पर रोजगार दिया गया है। इसके अलावा, 243 परियोजना प्रभावित परिवारों को रोजगार के एवज में 5 लाख रुपये प्रति परिवार की दर से आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।बैठक में सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, उपमंडल दंडाधिकारी (नागरिक) प्रियांशु खाती, तथा एनएचपीसी के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन परियोजना प्रभावितों के हितों की रक्षा और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ा रहा है।