बट्ट आईटीआई बोंखरीमोड़ में स्वच्छता पर चित्रकला व नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित

डलहौजी /चंबा12 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो हमीरपुर द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर एकीकृत संचार और आउटरीच कार्यक्रम के पूर्व प्रचार के तहत बुधवार को बट्ट स्थित आईटीआई बोंखरीमोड़ में स्वच्छता विषय पर चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पहुंचाना रहा।चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत मिशन, साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में राहुल ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बंटी ने द्वितीय और नंदनी देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में स्वच्छता के महत्व को सशक्त शब्दों में प्रस्तुत करते हुए दिया ने प्रथम, जिया ने द्वितीय और नीरज कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार हमीरपुर के प्रभारी सुरजीत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से युवा वर्ग को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अगले चरण में शुक्रवार को इसी आईटीआई परिसर में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।सुरजीत सिंह ने जानकारी दी कि प्रस्तावित जागरूकता शिविर में एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से आए हुए रिसोर्स पर्सन उपस्थित छात्र-छात्राओं को भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके उद्देश्यों और लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देंगे। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम छात्रों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध होगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करेगा।