नूरपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार मोटरसाइकिलें भी बरामद

नूरपुर में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार मोटरसाइकिलें भी बरामद

कांगडा 03 मार्च चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत थाना नूरपुर में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के दौरान वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शिकायतकर्ता रजनीश कुमार पुत्र विशम्बर दास, निवासी गांव कमनाला, डाकघर भलेटा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) की शिकायत पर 2 मार्च को चोरी का मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पहले से ही एक अन्य चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार पुत्र तरवीज सिंह, निवासी गांव टिपरी, डाकघर वनेट, तहसील भटियात, जिला चंबा भी इस घटना में शामिल था। जांच के दौरान उसके दूसरे साथी अनिल कौंडल पुत्र अमरीक सिंह, निवासी नजदीक सिनेमा हॉल जसूर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को पूछताछ के लिए बुलाया गया।पुलिस द्वारा पेशेवर तरीके से की गई पूछताछ, साक्ष्यों की गहन जांच तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि अनिल कौंडल ने अभिषेक कुमार के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी अनिल कौंडल के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।जांच में यह भी सामने आया है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो नूरपुर और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह ने नूरपुर से सटे जिला चंबा के क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। थाना चुवाड़ी क्षेत्र से चोरी किए गए वाहन नूरपुर पुलिस द्वारा बरामद कर चंबा पुलिस को सौंप दिए गए हैं।जिला पुलिस नूरपुर ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!