जिला चंबा में पंचायत चुनाव मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, 30 जनवरी 2026 को जारी

जिला चंबा में पंचायत चुनाव मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, 30 जनवरी 2026 को जारी

चम्बा 03 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार जिला चंबा में पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन और दावे–आपत्तियों की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त चंबा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 10 अक्टूबर 2025 को अहर्ता (क्वालिफाइंग) तिथि मानते हुए जिला चंबा की समस्त ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 6 अक्टूबर 2025 को किया गया था। इस अवधि के दौरान आम जनता से प्राप्त दावों और आपत्तियों को आमंत्रित किया गया, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सकें और त्रुटियों का समय रहते सुधार किया जा सके।निर्धारित समयावधि में प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा किए जाने के बाद पंचायत राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 21(1) के अंतर्गत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन प्रारूप 15 पर दिनांक 30 जनवरी 2026 को कर दिया गया है। यह अंतिम मतदाता सूची आगामी पंचायत चुनावों के लिए मान्य होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता सूचियों के संबंधित भागों की प्रतियां जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय, सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों तथा जिला परिषद चंबा के कार्यालयों में निःशुल्क निरीक्षण के लिए कार्यालय समय के दौरान उपलब्ध रहेंगी। इच्छुक नागरिक अपने-अपने क्षेत्रों की मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।इसके साथ ही जिला लोक संपर्क अधिकारी, चंबा को निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रेस विज्ञप्ति की प्रतियां समाचार पत्रों और अन्य उपलब्ध माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को समय रहते इस महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया जा सके।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का सही उपयोग करने के लिए मतदाता सूचियों की जांच अवश्य करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!