डलहौजी में वाल्मीकि मंदिर के नीचे खिसकती भूमि पर चिंता, उपायुक्त से मिले मंदिर कमेटी के पदाधिकारी

चम्बा 09 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी में महर्षि वाल्मीकि जी के मंदिर के नीचे भूमि के लगातार खिसकने की समस्या को लेकर आज वाल्मीकि मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने उपायुक्त चंबा मुकेश रैप्सवाल से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपने समाज के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं से उपायुक्त को अवगत करवाया और शीघ्र समाधान की मांग की।कमेटी के सदस्यों ने बताया कि डलहौजी स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर के नीचे की जमीन लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे न केवल मंदिर की संरचना को खतरा पैदा हो गया है, बल्कि आसपास स्थित आवासीय मकानों पर भी गंभीर जोखिम मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।क्षेत्रवासियों के अनुसार बरसात के मौसम में भू-स्खलन की संभावना और अधिक बढ़ जाती है, जिससे स्थिति और भी भयावह हो सकती है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। जानकारी दी गई कि 20 सितंबर 2025 को इस संबंध में संबंधित विभाग को लिखित शिकायत भी भेजी गई थी , लेकिन अब तक मौके पर कोई ठोस सुरक्षात्मक कार्य आरंभ नहीं किया गया है। इससे लोगों में रोष और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि मंदिर के नीचे शीघ्र पत्थर या डंगा लगाकर सुरक्षा कार्य करवाया जाए, ताकि मंदिर और आसपास के मकानों को सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा नहीं है, बल्कि कई परिवारों की जान-माल की सुरक्षा से भी संबंधित है।