चंबा पुलिस ग्राउंड में इनडोर स्टेडियम का काम तेज, युवाओं में जगी नई उम्मीद

चंबा पुलिस ग्राउंड में इनडोर स्टेडियम का काम तेज, युवाओं में जगी नई उम्मीद

चंबा 13 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा के पुलिस ग्राउंड बारगाह में निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का कार्य अब कछुए की चाल से निकलकर धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। लंबे समय से धीमी गति से चल रहे इस निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में भारी नाराजगी देखी जा रही थी। लेकिन अब जब काम में तेजी आई है, तो जिले के युवाओं और खिलाड़ियों में एक नई उम्मीद जगी है।बताया जा रहा है कि इनडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य पिछले काफी समय से प्रगति नहीं कर पा रहा था, जिससे स्थानीय लोगों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा था।

कई युवा खिलाड़ी बेहतर खेल सुविधाओं के अभाव में अभ्यास नहीं कर पा रहे थे। अब निर्माण कार्य में आई गति से यह उम्मीद की जा रही है कि स्टेडियम जल्द बनकर तैयार होगा और जिले के खिलाड़ी आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।इस मौके पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इनडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार कार्य की निगरानी कर रहा है ताकि परियोजना को शीघ्र पूरा किया जा सके। स्टेडियम के पूर्ण होने के बाद जिले के युवाओं को इनडोर खेलों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

रूपेश कुमार ने बताया कि इनडोर स्टेडियम के निर्माण से बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, जिमनास्टिक और अन्य इनडोर खेलों को बढ़ावा मिलेगा। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आधुनिक संसाधन मिलेंगे, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे जिले में खेल गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा और युवा खेलों की ओर अधिक आकर्षित होंगे।जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने विश्वास जताया कि यह परियोजना चंबा के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

आने वाले समय में यह इनडोर स्टेडियम न केवल जिले की खेल संस्कृति को मजबूत करेगा, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी चंबा के खिलाड़ियों को पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!