शिलाई (टिंबी) में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कई विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

सिरमौर 15 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला सिरमौर के एक दिवसीय प्रवास के दौरान हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Mukesh Agnihotri ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री Harshwardhan Chauhan भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने उपमुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री का भव्य स्वागत किया।इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री की उपस्थिति में 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित कालची–चियाली उठाऊ पेयजल योजना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में नव स्थापित पुस्तकालय का लोकार्पण किया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाली उठाऊ पेयजल योजना थौन्था–जाखल के विस्तार कार्य की आधारशिला रखी। साथ ही 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से टिंबी में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का शिलान्यास भी किया।अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व कर रहे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के कार्यों और उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने हर्षवर्धन चौहान को छह बार विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा है, जो उनके प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा के कारण क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री Yashwant Singh Parmar और Virbhadra Singh द्वारा हिमाचल प्रदेश के विकास में दिए गए योगदान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के तहत चल रही 18 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति योजना को शीघ्र पूरा किया जाए तथा क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी जल्द पूरा किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने टिंबी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और शिलाई में बस अड्डा निर्माण के लिए भूमि चयन करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम से पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पश्मी में चाल्दा महासू महाराज मंदिर में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने पश्मी में पानी की योजना के लिए 15 लाख रुपये तथा सराय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
