भरमौर की लामू पंचायत में पेयजल संकट होगा दूर, JSW परियोजना खर्च करेगी 24 लाख रुपये

भरमौर/चम्बा 8 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जनजातीय क्षेत्र भरमौर की लामू पंचायत में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस क्षेत्र के लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है, क्योंकि अब जल संकट को दूर करने के लिए JSW परियोजना द्वारा 24 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।इस परियोजना को जल शक्ति विभाग के सहयोग से क्रियान्वित किया जाएगा। दोनों संस्थाएं मिलकर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ करेंगी ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वच्छ और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय लोगों को इस योजना के पूरा होने से न सिर्फ पीने के पानी की सुविधा मिलेगी, बल्कि उनके दैनिक जीवन में भी व्यापक सुधार आएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने बताया कि लामू पंचायत में लोगों को लंबे समय से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। उनकी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल शक्ति विभाग तथा JSW परियोजना के साथ समन्वय बनाकर समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को स्थायी जल आपूर्ति उपलब्ध करवाना है।डॉ. जनक राज ने आगे बताया कि सरकार तथा निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से जनजातीय क्षेत्रों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेयजल परियोजना का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा, जिससे लामू पंचायत के ग्रामीणों को स्थायी राहत मिल सकेगी।