बट्ट आईटीआई में भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता शिविर आयोजित

बट्ट आईटीआई में भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता शिविर आयोजित

डलहौजी/ चम्बा 14 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, हमीरपुर द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत बट्ट आईटीआई, बोंखरी मोड़ में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन जिला प्रशासन एवं आईटीआई प्रबंधन के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय हमीरपुर के प्रभारी सुरजीत सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी दी।मुख्यातिथि परवेज अली बट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से जनधन योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक, बाथरी के सहायक प्रबंधक ज्ञान चंद ने प्रशिक्षुओं एवं स्टाफ को जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं मुद्रा योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी की सीएचओ आरती ठाकुर ने आयुष्मान भारत कार्ड, टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना तथा जननी शिशु सुरक्षा योजना के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।इस अवसर पर विभाग के कलाकारों द्वारा गीतों एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही केंद्रीय योजनाओं पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंत में मुख्यातिथि परवेज अली बट्ट ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आईटीआई की उप-प्रधानाचार्य रीता ठाकुर सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!