एफसीए मामलों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता

एफसीए मामलों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता

चंबा, 25 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के तहत एफसीए अनुमति प्रक्रिया की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।उपायुक्त ने कहा कि विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान करने के लिए आवश्यक है कि एफसीए अनुमति से संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस दिशा में सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि राज्य नोडल अधिकारी के पास भेजे गए मामलों की प्रगति की नियमित जानकारी मिल सके।बैठक में उपनिदेशक उच्च शिक्षा और प्रारंभिक शिक्षा को शिक्षण संस्थानों के भवन निर्माण हेतु वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के अंतर्गत अनुमति संबंधी प्रकरण शीघ्र तैयार करने को भी कहा गया। उपायुक्त ने यह स्पष्ट किया कि शिक्षा और अन्य बुनियादी परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।बैठक में चंबा वन वृत के अंतर्गत लगभग 133 एफसीए मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई।

इसके अतिरिक्त परिवेश-1 और परिवेश-2 पर अपलोड की गई परियोजनाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, रजनीश महाजन, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, कुमुद उपाध्याय, नरेंद्र चौधरी, जोगिंदर कुमार और जिला युवा खेल अधिकारी रूपेश कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।इस समीक्षा बैठक के माध्यम से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि जिले में विकास कार्यों और जनहित परियोजनाओं की गति में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी प्रक्रियाएं समयसीमा के भीतर पूरी हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!