सिहुंता पुलिस ने पकड़ी चिट्टे की खेप, पंजाबवासी दो युवक गिरफ्तार

भटीयात/चुवाडी 24 जुलाई बबलू पठानिया
नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस दल सिंहुता को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार देर रात सिहुंता थाना पुलिस की गश्त के दौरान टियाला नजदीक थुलेल पुल पर दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 7.17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 19 वर्षीय राहुल मसीह पुत्र सुरजीत मसीह, निवासी गांव व डाकघर कलानौर, जिला गुरदासपुर (पंजाब) और 30 वर्षीय दिलबाग सिंह पुत्र बाऊ, निवासी पंच गरिया, जिला बटाला (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों युवक देर रात क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहे थे, जिस पर पुलिस की टीम को शक हुआ। पूछताछ व तलाशी के दौरान उनके पास से मादक पदार्थ बरामद हुआ।पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पुलिस चौकी हटली के एएसआई पंकज कुमार द्वारा की जा रही है।इस कार्रवाई की पुष्टि डीएसपी भटियात योगराज चंदेल द्वारा की गई है उन्होंने बताया कि भटियात पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है और किसी भी सूरत में नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।चम्बा पुलिस की यह कार्रवाई युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक मजबूत संदेश है कि नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा। तो दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश किया गया ।