विकास खंड मैहला में खोली जाएगी नई उचित मूल्य की दुकान, 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

चंबा,8 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत राड़ी के वार्ड गुडासा में उचित मूल्य की दुकान खोले जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, पुरुषोत्तम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं 28 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल https://emergingimachal.hp.gov.in/ पोर्टल के माध्यम से ही किए जाएंगे। कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए पात्रता रखने वाले आवेदकों में सार्वजनिक संस्थाएं, ग्राम पंचायतें, स्वयं सहायता समूह, सहकारी सभाएं, महिलाओं द्वारा संचालित समूह, एकल नारी, विधवा, शारीरिक रूप से अपंग व्यक्ति, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षित बेरोजगार युवा शामिल हैं। आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास और आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेजों की स्वंय सत्यापित प्रतियां अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होंगी, जिनमें दसवीं का प्रमाण पत्र, वित्तीय स्थिति संबंधी दस्तावेज, रोजगार प्रमाण पत्र, दुकान की उपलब्धता व भंडारण क्षमता संबंधी दस्तावेज, बीपीएल/एससी/ओबीसी/एसटी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), अपंगता प्रमाण पत्र, संबंधित वार्ड निवासी होने का प्रमाण पत्र आदि शामिल हैं।पुरुषोत्तम सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि आवेदन करने वाले संस्था के विक्रेता की भी शैक्षणिक योग्यता कम से कम दसवीं होनी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समस्त दस्तावेजों की सत्यापित छायाप्रतियां अपलोड न करने पर आवेदन अस्वीकृत कर दिया जाएगा।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक कार्यालय के दूरभाष नंबर 01899-222401 पर कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं। यह पहल स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।