बनीखेत में देर रात भीषण सड़क हादसा, दो गंभीर रूप से घायल

डलहौजी़/चम्बा 17 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय उच्च महामार्ग 154 ए पर स्थित गांव बनीखेत बाजार में बीती रात करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा प्रकाश में आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पठानकोट से चंबा की ओर मवेशी लेकर जा रहा एक ट्रक, सड़क के बीच खड़े एक खराब ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि मवेशी लदे ट्रक के चालक और परिचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार नागरिक स्वास्थ्य केंद्र डलहौजी में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि एचपी 38-6230 नंबर का एक ट्रक बनीखेत बाजार में खराब होकर सड़क के बीच खड़ा था।

रात के अंधेरे में सामने से आ रहा ट्रक चालक उस ट्रक को समय पर नहीं देख पाया और पीछे से जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और परिचालक ट्रक में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। घायल चालक और परिचालक को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डलहौजी ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि ट्रक में गुजर समुदाय के लोग अपने मवेशियों के साथ चंबा की ओर जा रहे थे। हादसे के चलते एनएच 154एन पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में स्थानीय पुलिस ने सामान्य कर दिया गया। इस सारे मामले को लेकर थाना प्रभारी डलहौजी जगबीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों में आपसी रजामंदी से मामला सुलझा लिया गया। इसलिए मामला दर्ज नहीं हो पाया ।