नड्डल स्कूल के बच्चों ने बट्ट आईटीआई व नर्सिंग कॉलेज का किया शैक्षणिक भ्रमण

डलहौजी/चम्बा 19 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिक्षा खंड बनीखेत के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नड्डल के दसवीं और ग्यारहवीं कक्षा के वोकेशनल कोर्स के 25 विद्यार्थियों ने आज बट्ट आईटीआई एवं बट्ट नर्सिंग कॉलेज बोंखरीमोड़ का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा की दुनिया से रूबरू कराने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बताया कि भ्रमण के दौरान संस्थान के स्टाफ ने छात्रों और अध्यापकों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

उन्होंने संस्थान के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की, जिसमें गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक कोर्स, नर्सिंग प्रशिक्षण की आधुनिक सुविधाएं, उच्च स्तरीय उपकरण और मशीनरी शामिल हैं। बट्ट ने जोर देकर कहा कि उनके संस्थान प्रशिक्षुओं को हर प्रकार की सुविधा प्रदान करते हैं, जो उन्हें उद्योग के लिए तैयार बनाती हैं।छात्रों ने भ्रमण के दौरान आईटीआई और नर्सिंग कॉलेज की विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। नर्सिंग संस्थान में स्थापित चिकित्सा वार्डों, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं को करीब से देखा। फ्रंट ऑफिस में कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा अपने विषय से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। इससे छात्रों को वास्तविक प्रशिक्षण का अनुभव मिला।विद्यालय के अध्यापकों ने संस्थान की बेहतरीन सुविधाओं की खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण छात्रों के लिए कक्षा 12वीं के बाद कैरियर चुनने में बेहद सहायक होगा। मौके पर बट्ट ग्रुप के स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।