राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दिलाई मतदान की शपथ

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दिलाई मतदान की शपथ

चम्बा 24 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) के उपलक्ष्य पर आज स्वास्थ्य विभाग चंबा द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय परिसर में मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करना रहा।शपथ कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करे।

उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के माध्यम से ही देश के विकास, सुशासन और जनभागीदारी को सशक्त बनाया जा सकता है।डॉ. भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अपने परिवारजनों, सहकर्मियों और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है और सभी को निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रलोभन से मुक्त होकर मतदान करना चाहिए।इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने, संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करने तथा नियमित रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।

साथ ही उन्होंने यह संकल्प भी लिया कि वे समाज में मतदान के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यालयों से आए अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!