चम्बा-जोत सड़क पर एसआईयु पुलिस दल ने गश्त के दौरान 2 ग्राम हेरोइन सहित तीन युवकों को किया काबू

चंबा, 12 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती देते हुए बुधवार शाम लगभग 4 बजे की गई गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सुल्तानपुर-जोत सड़क पर माता भटालवां मंदिर पार्किंग के पास पुलिस टीम को कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दिए। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर तीन युवकों के कब्जे से कुल 2 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय निखिल कुमार पुत्र संजीव कुमार निवासी मोहल्ला माई का बाग, डाकघर सुल्तानपुर, 30 वर्षीय भार्गव गोस्वामी पुत्र दीपक कुमार निवासी मोहल्ला माई का बाग, तथा 30 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र चैन लाल निवासी मोहल्ला ओबरी, डाकघर सुल्तानपुर, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। तीनों को मौके पर ही हिरासत में लेकर थाना सदर चंबा ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इस कार्रवाई की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग नशे के विरुद्ध सख्त अभियान चला रहा है तथा संदिग्ध क्षेत्रों में गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करी करने वालों और नशा सेवन में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य जिले को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर सुरक्षित व स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को बिना देर किए पुलिस के साथ साझा करें। लोगों के सहयोग से ही इस सामाजिक बुराई पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है।चंबा पुलिस की इस समय पर की गई कार्रवाई से क्षेत्र में एक बार फिर यह संदेश गया है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।