सलूणी–लंगेरा मार्ग पर चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला

सलूणी/ चम्बा 26 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के सलूणी–लंगेरा सड़क मार्ग पर धरवाली के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती मारुति कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के समय सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन को बचाया नहीं जा सका।आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।इस घटना के चलते कुछ समय के लिए सलूणी–लंगेरा सड़क मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने वाहनों की नियमित जांच करवाएं और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तुरंत वाहन रोककर आवश्यक सावधानियां बरतें।

गौरतलब है कि पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं अक्सर तकनीकी खामियों के कारण सामने आती हैं। समय रहते सभी लोगों के सुरक्षित बाहर निकल आने से एक बड़ा हादसा टल गया।