होली से पालमपुर रात्रि बस सेवा बनी यात्रियों के लिए मुसीबत, मजबूर होकर खटारा बस में हो रहा सफर

होली से पालमपुर रात्रि बस सेवा बनी यात्रियों के लिए मुसीबत, मजबूर होकर खटारा बस में हो रहा सफर

भरमौर/ चम्बा 16 जून मुकेश कुमार ( गोल्डी)

भरमौर उपमंडल के होली क्षेत्र से पालमपुर तक चलने वाली रात्रिकालीन बस सेवा यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इस रूट पर परिवहन निगम द्वारा चलाई जा रही बस की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है।

बस की सीटें टूटी हुई हैं, दरवाजे और खिड़कियों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे रात के समय ठंडी हवा सीधी यात्रियों पर पड़ती है।इस रात्रिकालीन सेवा में बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और बीमार लोग भी सफर करते हैं, जिन्हें रात भर असुविधा का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी दिक्कत तब होती है जब यह बस पालमपुर से वापसी के दौरान एक घंटा जोत और लगभग दो घंटे चंबा में खड़ी रहती है।

इस दौरान यात्री ठंड में ठिठुरते हुए बस में इंतजार करने को मजबूर होते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बस को लेकर वे कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन परिवहन विभाग इस पर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहा है। यह हैरानी की बात है कि यह बस वर्षों से इस रूट पर चल रही है और निगम को इससे अच्छी-खासी आमदनी भी होती है, फिर भी नई बस नहीं भेजी जा रही है।यात्रियों का आरोप है कि निगम द्वारा किराया तो पूरा लिया जा रहा है, लेकिन सुविधा के नाम पर उन्हें खस्ताहाल बस में ही सफर करना पड़ रहा है।

लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस रूट पर जल्द से जल्द नई और सुविधाजनक बस सेवा शुरू की जाए ताकि रात्रिकालीन यात्राएं सुरक्षित और आरामदायक हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!