अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याणार्थ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए:-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल,
गुज्जर जनजाति के प्रवास के कारण शिक्षा में रुकावट पर अधिकारियों से व्यावहारिक समाधान के निर्देश

चंबा, 17 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय सभागार में प्रधानमंत्री नये 15 सूत्रीय कार्यक्रम, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, नेशनल ट्रस्ट एवं दिव्यांग जनों के अधिकारों से संबंधित विषयों पर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को इनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गुज्जर जनजाति के धारों में प्रवास के कारण बच्चों की शिक्षा में उत्पन्न हो रही समस्याओं को रेखांकित करते हुए शिक्षा विभाग एवं सामाजिक संगठनों को आपसी समन्वय से व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं से जोड़ने, तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के सहयोग से आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से जोड़ने तथा पुराने प्रमाण पत्रों को यूडीआईडी कार्ड में परिवर्तित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी बल दिया गया।उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 1861 परिवार लाभान्वित हुए हैं तथा 151 स्वयं सहायता समूहों से 812 परिवार जुड़े हैं।
उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लाभ अनुसूचित जनजातियों के माध्यम से प्राप्त कर रहे अल्पसंख्यक वर्गों की पहचान कर उन्हें उपयुक्त लाभ पहुंचाने की दिशा में कदम उठाने को कहा।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं तकनीकी संस्थानों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
