डलहौजी व आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बनीखेत मेले में दुकानदारों को भारी नुकसान

डलहौजी व आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बनीखेत मेले में दुकानदारों को भारी नुकसान

डलहौजी /चम्बा 28 जून मुकेश कुमार( गोल्डी )

बीते कल शनिवार को डलहौजी और इसके आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद अचानक तेज बारिश ने दस्तक दी, जिससे क्षेत्र का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश इतनी तेज़ थी कि कुछ ही समय में छोटे-बड़े नाले उफान पर आ गए और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई।गौरतलब है कि इन दिनों डलहौजी के समीपवर्ती क्षेत्र बनीखेत में आषाढ़ नाग देवता मेला बड़े हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। हर दिन सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक इस मेले में पहुंचकर इसका आनंद ले रहे हैं।

शनिवार को भी मौसम थोड़ा साफ होने के कारण लोगों की भारी भीड़ मेले में उमड़ी हुई थी। लेकिन जैसे ही दोपहर बाद बारिश शुरू हुई, मेला स्थल पद्दर मैदान में पानी भर गया, जिससे दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।भारी बारिश के चलते न केवल मैदान में पानी भर गया, बल्कि कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों का माल भीग गया और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

खास तौर पर छोटे दुकानदार, जो मेला लगाकर अपनी रोज़ी-रोटी चला रहे थे, उन्हें काफी हानि हुई। कुछ दुकानदारों ने शिकायत करते हुए बताया कि बारिश के लिए कोई भी पूर्व तैयारियां प्रशासन की ओर से नहीं की गई थीं, जिससे नुकसान और बढ़ गया।इधर, बरसात के आगमन के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ली है और अब प्रतिदिन बारिश की संभावना बनी हुई है।

लगातार हो रही बारिश से जहां डलहौजी और चंबा क्षेत्र में पर्यटक गतिविधियों पर असर पड़ा है, वहीं प्रशासन से मांग की जा रही है कि मेले में उचित जल निकासी व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की परेशानियों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!