पद्दर में देवदार पेड़ों की कटाई को लेकर हुए विवाद, ग्रामीणों ने प्रशासन को सोंपा आपत्ति पत्र

डलहौजी / चम्बा 30 अप्रैल मुकेश कुमार ( गोल्डी)
पुलिस थाना डलहौजी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पद्दर में हरे देवदार के पेड़ों की टहनियों की कटाई को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। इस कटाई को धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों ने गहरी आपत्ति जताई है।इस मुद्दे को लेकर आज पंचायत प्रतिनिधियों और पद्दर गांव के दर्जनों लोगों ने उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) डलहौजी अनिल भारद्वाज से मिलकर एक आपत्ति पत्र सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि ये देवदार के वृक्ष न केवल पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि इनका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी अत्यधिक है। कटाई से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

एसडीएम अनिल भारद्वाज ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों पर कार्य करता है और सभी धर्मों के सम्मान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवदार के वृक्षों की कटाई को लेकर भविष्य में कोई भी कार्यवाही ग्रामीणों की सहमति और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ही की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगा और किसी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को दोहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस आश्वासन से ग्रामीणों में संतोष की भावना देखने को मिली।यह घटना क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्थाओं के संतुलन की आवश्यकता को उजागर करती है, जिसे लेकर प्रशासन सजग और संवेदनशील दिखाई दिया।
