डीएवी स्कूल चंबा में विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित

चंबा, 19 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के सौजन्य से डीएवी स्कूल चंबा में “विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस 2025” के उपलक्ष्य में एक मासिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वैभवी गुरंग ने छात्रों को मौखिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ मुंह न केवल संपूर्ण शरीर की सेहत का संकेतक है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि दिन में दो बार ब्रश करना, मीठा खाने के बाद कुल्ला करना, अत्यधिक ठंडा-गर्म भोजन से परहेज, जंक फूड और तंबाकू-शराब के सेवन से बचाव, दंत चिकित्सक से नियमित जांच इत्यादि अच्छी मौखिक स्वास्थ्य की आदतें हैं।डॉ. गुरंग ने बच्चों को बताया कि फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट और मुलायम ब्रश का प्रयोग करना चाहिए, क्योंकि सख्त ब्रश दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

इस अवसर पर छात्रों के लिए एक पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें हिरण्या ने प्रथम, लावन्या ने द्वितीय और यशवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला ठाकुर, बीसीसी कोऑर्डिनेटर दीपक जोशी, स्कूल की प्रिंसिपल मैडम कुंदरा एवं स्कूल स्टाफ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था, जो सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
