बनीखेत में आतंकी हमले के विरोध में रोष रैली, पहलगाम में मारे गए हिन्दू पर्यटकों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

डलहौजी/ चम्बा 23 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में हाल ही में हुए एक भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस निर्मम हमले में 27 हिंदू पर्यटकों की जान चली गई, जिससे पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। इन निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या के विरोध में हिमाचल प्रदेश के बनीखेत कस्बे में स्थानीय युवाओं और व्यापारियों ने मिलकर एक रोष रैली का आयोजन किया है। बनीखेत यूथ क्लब और बनीखेत व्यापार मंडल द्वारा संयुक्त रूप से यह रैली 24 अप्रैल को आयोजित की जा रही है। यह रैली सुबह 11 बजे भुरूनाग मंदिर से आरंभ होकर स्थानीय बस स्टैंड तक जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य शहीद हुए पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता प्रकट करना है।आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से इस रोष रैली में भाग लेने की अपील की है, ताकि इस दुखद घड़ी में हम सब मिलकर पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कर सकें और आतंकवाद के खिलाफ एक सशक्त संदेश दे सकें।यूथ क्लब के सदस्यों ने कहा कि यह समय एकजुट होकर देश विरोधी ताकतों के खिलाफ खड़े होने का है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।रैली के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की गई है और सभी से अनुरोध किया गया है कि वे समय पर भुरूनाग मंदिर पहुँचें और इस जनसंकल्प का हिस्सा बनें। तो वही व्यापार मंडल डलहौजी, बाथरी में भी इस हमले को लेकर रोष प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।