जिला चंबा में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया

जिला चंबा में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया

डलहौजी/भटीयात/चंबा, 7 अक्तूबर बबलू पठानिया, मुकेश कुमार गोल्डी

जिला चंबा में महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव से मनाया गया। रामायण रचयिता, आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के प्रगटोत्सव को लेकर वाल्मीकि समुदाय सहित समूचे जिले में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बीते कई दिनों से प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा था, जिनमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ शोभायात्राओं का वातावरण निर्मित किया। इससे पूर्व जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें वाल्मीकि समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा की गई और मंदिरों को दीपों व रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया।

बीते कल मुख्य समारोह में मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन-पाठ और झंडा रस्म का आयोजन किया गया। भगवान महर्षि वाल्मीकि को भोग लगाने के उपरांत भव्य लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।चंबा मुख्यालय के पक्का टाला स्थित वाल्मीकि मंदिर में स्थानीय विधायक नीरज नय्यर ने पहुंचकर शीश नवाया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के जीवन आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

वहीं, डलहौजी सदर बाजार मंदिर में भाजपा विधायक डी.एस. ठाकुर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी और समाजसेवी मनोज चड्डा ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना में भाग लिया।इसी प्रकार बकलोह स्थित वाल्मीकि मंदिर में यूथकांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया ने विशेष पूजा-अर्चना कर महर्षि वाल्मीकि का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके अलावा बनीखेत खैरी ओर डलहौजी छावनी के वाल्मीकि मंदिरों में भी श्रद्धापूर्वक पूजा-पाठ और हवन का आयोजन हुआ।पूरे जिले में भक्ति, समरसता और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने, समाज में प्रेम, सत्य, समानता और भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के युवाओं और महिलाओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान महर्षि वाल्मीकि के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!