नेरा गांव में शॉर्ट सर्किट से घर राख, मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी ने दी 50 हजार की सहायता राशि प्रदान की

चम्बा 07 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नेरा गांव में सोमवार सुबह बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में रमजान पुत्र नूर मोहम्मद का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना इतनी अचानक थी कि परिवार को संभलने का भी मौका नहीं मिला। ग्रामीण क्षेत्र होने और दुर्गम मार्ग के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी गांव तक नहीं पहुँच पाई। ऐसे में स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए सामूहिक प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।घटना की सूचना तुरंत ग्राम पंचायत नेरा के उपप्रधान शरीफ मुहम्मद ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को दी, जिसके बाद राहत और सहायता कार्य प्रारंभ किए गए। नुकसान का जायज़ा लेने और पीड़ित परिवार का हौसला बढ़ाने के लिए विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंचे।

इसी क्रम में मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष वकील लतीफ मोहम्मद भी नेरा गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सोसाइटी की ओर से आग पीड़ित रमजान को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता अपने हाथों से प्रदान की। लतीफ मोहम्मद ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार के घर के पुनर्निर्माण तक संस्था हर संभव सहयोग करती रहेगी।इस मौके पर ग्राम पंचायत नेरा के प्रधान गुलाम रसूल, उपप्रधान शरीफ मुहम्मद, हुसैन खान और मुहम्मद फारूख उपस्थित रहे। इसके अलावा चुराह क्षेत्र से मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी चुराह के अध्यक्ष हाजी माजिद, पीर मुहम्मद, कासिम दीन, ग्राम पंचायत गड़फरी के प्रधान लालदीन मालिक, बशीर मोहम्मद, डॉ. यासीन मोहम्मद और ठेकेदार अशरफ़ अली भी पहुंचे और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।स्थानीय लोगों के सहयोग, पंचायत प्रतिनिधियों की तत्परता और मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी द्वारा त्वरित राहत प्रदान किए जाने से रमजान का परिवार इस कठिन समय में एक बड़ी मदद प्राप्त कर सका है।