विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को दी फौरी राहत

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को दी फौरी राहत

डलहौजी/चंबा, 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी )

भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत बीते दिनों आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित गाँवों का शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रौणी, सुदली, चंबी, काकडार और भट्टी पंचायतों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस अवसर पर उन्होंने 16 प्रभावित परिवारों को 2 लाख 30 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की।पठानिया ने कहा कि आपदा से प्रभावित हर परिवार तक राहत पहुँचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने स्थानीय प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को चंबा जिला का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

वहीं, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर क्षति का मूल्यांकन किया है और विभागीय स्तर पर त्वरित कदम उठाने को कहा है। इसके अतिरिक्त, राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी लगातार जमीनी स्तर पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को सुनिश्चित बना रहे हैं।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के साथ सहयोग करें।

इस अवसर पर सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम कृष्ण चंद चेला, पूर्व उपाध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तरुण मल्होत्रा, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, चुवाड़ी पारस अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुरड़ा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।आपदा प्रभावितों ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सरकार से त्वरित राहत कार्यों की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!