तीसा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने पर दिलदार अली बट्ट ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

तीसा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने पर दिलदार अली बट्ट ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

तीसा/चुराह 20 दिसम्बर दिलीप सिंह ठाकुर


तीसा नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाए जाने पर प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा चुराह विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है और इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है।
दिलदार अली बट्ट ने कहा कि तीसा अस्पताल में अब तक अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 70 से 100 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय चंबा या अन्य क्षेत्रों का रुख करना पड़ता था। इस दौरान न केवल मरीजों और उनके तीमारदारों को शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, बल्कि उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता था। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रोगियों के लिए यह स्थिति बेहद कष्टदायक थी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा तीसा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करवाने से अब चुराह क्षेत्र के लोगों को अपने घर-द्वार पर ही यह आवश्यक जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को लंबी दूरी तय करने से निजात मिलेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी। अब क्षेत्रवासी तीसा अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे इलाज की प्रक्रिया भी अधिक सुगम और समयबद्ध हो सकेगी।
दिलदार अली बट्ट ने कहा कि यह सुविधा चुराह विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जिला चंबा के चुराह क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में मुख्यमंत्री की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इस फैसले से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि चुराह की जनता इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की आभारी है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी प्रकार की योजनाओं की उम्मीद करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!