दमन-दीव शैक्षणिक भ्रमण: चंबा के 35 बच्चों ने प्रशासनिक व प्राकृतिक धरोहरों से लिया ज्ञान और अनुभव

चंबा, 4 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के बाल देखभाल संस्थान चंबा, तीसा, साहो एवं जनजातीय उपमंडल पांगी से संबंधित 35 “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” इन दिनों दमन और दीव में आयोजित शैक्षणिक भ्रमण पर हैं। इस शैक्षणिक यात्रा के पांचवें दिन बच्चों ने दमन के सत्र न्यायालय सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं ऐतिहासिक भवनों का अवलोकन कर महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।भ्रमण दल के प्रभारी एवं बाल संरक्षण अधिकारी अजय भारद्वाज ने बताया कि यह यात्रा बच्चों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हो रही है।

उन्होंने कहा कि बच्चे न केवल नई जगहों को देख रहे हैं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था, न्यायिक प्रणाली और ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में भी सीख रहे हैं, जिससे उनके ज्ञान और समझ में वृद्धि हो रही है।इस दौरान बच्चों ने समुद्र तट स्थित आकर्षक व्यू प्वाइंट का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने समुद्र के मनमोहक दृश्यों का आनंद लिया। बच्चों ने बोटिंग का रोमांचक अनुभव प्राप्त करते हुए प्रकृति के साथ एक नया जुड़ाव महसूस किया। इसके अतिरिक्त बच्चों ने दमन स्थित पक्षी उद्यान (एवियरी) का विस्तृत दौरा किया, जहां उन्होंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय पक्षी प्रजातियों को करीब से देखा और उनके बारे में रोचक जानकारियां प्राप्त कीं।

यह अनुभव बच्चों में पर्यावरण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला साबित हुआ।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में संचालित ‘सुख आश्रय योजना’ के तहत राज्य सरकार निराश्रित बच्चों के अभिभावक के रूप में उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी योजना के अंतर्गत 24 लड़कियों और 11 लड़कों सहित कुल 35 बच्चे इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग ले रहे हैं।

यह भ्रमण 31 मार्च से शुरू होकर 7 अप्रैल तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने भी हाल ही में बच्चों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ा है।