चुराह के लोकेश शर्मा ने राज्य स्तरीय अंडर-15 कुश्ती में जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

तीसा/ चुराह 23 फरवरी दिलीप सिंह ठाकुर
जिला चंबा के चुराह उपमंडल की टिकरीगढ़ पंचायत के पुखरियाल गांव निवासी लोकेश शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन से राज्य स्तरीय अंडर-15 कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से चुराह सहित पूरे जिला चंबा में खुशी की लहर है।22 फरवरी को बिलासपुर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लदरौर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-15 कुश्ती प्रतियोगिता में 52 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए स्पोर्ट्स हॉस्टल ऊना के खिलाड़ी लोकेश शर्मा ने बेहतरीन तकनीक और दमखम का परिचय दिया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को एक के बाद एक परास्त करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में उनके आक्रामक खेल और संतुलित दांव-पेंच ने दर्शकों और निर्णायकों को भी प्रभावित किया।इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर लोकेश शर्मा का चयन 26 फरवरी से 1 मार्च तक सेलम, तमिलनाडु में आयोजित होने वाली अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चुराह क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।लोकेश के माता-पिता ने उनकी सफलता पर खुशी जताई, वहीं उनके कोच प्रिंस पठानिया और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्र के युवाओं का कहना है कि लोकेश ने साबित कर दिया है कि पहाड़ी क्षेत्रों के बच्चों में भी अपार प्रतिभा होती है। स्थानीय समाजसेवियों और खेल प्रेमियों ने सरकार से ऐसे खिलाड़ियों को अधिक प्रोत्साहन और सुविधाएं देने की मांग की है।