चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, मेडिकल कॉलेज के इंटर्न की मौत, एक लापता, दो घायल

चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, मेडिकल कॉलेज के इंटर्न की मौत, एक लापता, दो घायल

चंबा, 21 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में कल देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें मेडिकल कॉलेज चंबा के एक इंटर्न डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक इंटर्न छात्रा रावी नदी में लापता हो गई है। इस हादसे में दो अन्य इंटर्न गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती करवाया गया है।जानकारी के अनुसार यह हादसा चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर परेल घार के समीप देर रात हुआ, जब एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर रावी नदी में जा गिरी। कार में मेडिकल कॉलेज चंबा के चार इंटर्न डॉक्टर सवार थे। हादसे में जिला हमीरपुर निवासी इंटर्न डॉक्टर अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं शिमला जिले के रोहड़ू की रहने वाली इंटर्न डॉक्टर इशिका नदी के तेज बहाव में बह गई, जिसकी तलाश प्रशासन और पुलिस की टीमें कर रही हैं।इस घटना में दो अन्य इंटर्न डॉक्टर रिशांत (शिमला) और दिव्यांक (सोलन) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में किया जा रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।घटना की पुष्टि करते हुए एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती ने बताया कि हादसे में मेडिकल कॉलेज चंबा के इंटर्न डॉक्टर शामिल थे। उन्होंने कहा कि एक युवक की मौत हो चुकी है, एक युवती अभी लापता है और दो अन्य घायल हैं।

प्रशासन की ओर से तुरंत राहत राशि प्रदान कर दी गई है।उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं लापता छात्रा को ढूंढने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों और स्थानीय लोगों को गहरा सदमा पहुंचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!