कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताए आपदाओं से बचाव के उपाय

कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताए आपदाओं से बचाव के उपाय

आपातकालीन स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 पर करें संपर्क

चम्बा, 25 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों ने ग्राम पंचायत भंजराडू और बैरागढ़ में नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत के माध्यम से ग्रामीणों को आपदाओं से सुरक्षा एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस जनजागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को भूकंप, अग्निकांड और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयार करना था।नाट्य दल के कलाकारों ने भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सावधानियों के बारे में बताया कि झटके महसूस होने पर घबराएं नहीं, शांत रहें और शीशे, खिड़कियों, दरवाजों से दूर रहें। यदि बाहर हों तो भवनों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखें।

उन्होंने भूकंप के बाद भी सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी।अग्निकांड से बचाव के संबंध में कलाकारों ने कहा कि छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। उन्होंने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सावधानीपूर्वक कदम उठाने, बिजली उपकरणों की जांच करने और गैस सिलेंडर के उपयोग में सतर्कता बरतने पर बल दिया।भूस्खलन के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह भूगर्भीय हलचलों या अतिवृष्टि के कारण होता है, जिससे भारी मात्रा में मिट्टी और चट्टानें खिसक जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे क्षेत्रों में सतर्क रहें और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।कलाकारों ने लोगों को संदेश दिया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत जिला आपातकालीन टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें। इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!