तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न,विधायक नीरज नैय्यर ने कहा – खेल शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न,विधायक नीरज नैय्यर ने कहा – खेल शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक

चंबा, 01 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

सदर चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 (छात्र वर्ग) खेलकूद प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन समारोह में विधायक नीरज नैय्यर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में खेलों का वही महत्व है जो शिक्षा का है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक और सामाजिक विकास में भी सहायक होते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का सफल आयोजन सभी अधिकारियों, शिक्षकों और खेल संघ के प्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से संभव हुआ है।नीरज नैय्यर ने कहा कि हार-जीत किसी खिलाड़ी की क्षमता का पैमाना नहीं है, बल्कि यह खेल भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में खिलाड़ियों की डाइट मनी राशि 120 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये कर दी गई है, जिससे उन्हें बेहतर पोषण मिलेगा।समारोह के दौरान विधायक ने राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा को 11 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।

वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बच्चियों को 1100-1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की।प्रतियोगिता में खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कबड्डी सहित पांच खेलों को शामिल किया गया। विभिन्न जिलों से आई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। खो-खो में चंबा, वॉलीबॉल में शिमला, बैडमिंटन में कांगड़ा, बॉक्सिंग में मंडी और कबड्डी में शिमला की टीम विजेता रही। मार्च पास्ट में सोलन ने बाजी मारी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और खेल संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!