बरौर स्कूल में जिले के पहले बॉक्सिंग रिंग का शुभारंभ, उपायुक्त चंबा ने दी शुभकामनाएं

चंबा, 22 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरौर में जिले के पहले बॉक्सिंग रिंग का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक फिटनेस के लिए बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग जैसे खेल युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं और आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

उपायुक्त ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने पहले भी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला का नाम रोशन किया है और अब इस बॉक्सिंग रिंग से उनके कौशल को और निखार मिलेगा।उपायुक्त ने छात्राओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हुए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भारतीय महिला बॉक्सर मैरी कॉम और लवलीना बोरगोहेन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस रिंग को हर मौसम में उपयोगी बनाने के लिए उस पर शीघ्र ही छत लगाई जाएगी।

इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उपायुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया। उपनिदेशक स्कूल शिक्षा ने शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। उपायुक्त ने स्कूल परिसर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद भी किया।कार्यक्रम में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने में योगदान के लिए शारीरिक शिक्षा अध्यापक धर्म सिंह, पोषण आहार उपलब्ध करवाने के लिए कुंवर महाजन तथा देवेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपनिदेशक स्कूल शिक्षा बलबीर सिंह, भाग सिंह, कमलेश कुमारी, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार, जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष व्यास देव ठाकुर, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, प्रधानाचार्य कंचन कुमारी सहित अध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।