डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के सुरंगानी में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज का भव्य स्वागत

सुरगांनी/चम्बा 15 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के सुरगांनी में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के आगमन पर स्थानीय जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. भारद्वाज ने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।

सांसद डॉ. भारद्वाज ने विशेष रूप से बैरा सियूल पावर प्रोजेक्ट में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय व्यापारियों से संबंधित समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया। स्थानीय प्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें परियोजना से जुड़ी विभिन्न मूलभूत समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को सुविधाओं की कमी, वेतन संबंधी मुद्दे और व्यापारियों को सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाओं की जरूरत है।

इन सभी मामलों पर गंभीरता से विचार करते हुए सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाया जाएगा।इस कार्यक्रम में डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डीएस ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी क्षेत्र की विकास योजनाओं और आवश्यकताओं पर विचार साझा किया। इसके अलावा भाजपा के कई पदाधिकारी, स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन इस स्वागत समारोह में उपस्थित रहे।

इस भेंट के माध्यम से सांसद ने जनता से सीधा संवाद स्थापित कर यह संदेश दिया कि सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर है और जनहित सर्वोपरि है। सुरंगानी में सांसद का यह दौरा स्थानीय जनता के लिए आशा की नई किरण लेकर आया है।यह कार्यक्रम न केवल जनसंपर्क का माध्यम बना, बल्कि क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुआ।