कुंर विद्यालय भवन निर्माण सहित सड़कों और परिवहन सुविधाओं का होगा सशक्तिकरण:-उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया

चंबा, 6 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के गांव कूंर का दौरा कर लोगों की जन समस्याएं सुनीं और उनके समाधान हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जन अपेक्षाओं के अनुरूप काम करते हुए हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कूंर के भवन निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। विभागीय औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास वहां की सड़क सुविधाओं पर निर्भर करता है। इसी के दृष्टिगत छतराड़ी से कूंर को जोड़ने वाले 5 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का उन्नयन किया जाएगा ताकि लोगों को सुगम यातायात सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त पीएमजीएसवाय-4 के तहत गलथन से महासू तक 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी गई है।
स्थानीय मांग पर उन्होंने कूंर गांव के लिए एक अतिरिक्त मिनी बस सेवा उपलब्ध करवाने की घोषणा की, जिससे खासकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा हो सकेगी।

पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और राजस्व सेवाएं जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इससे पूर्व उप मुख्य सचेतक ने कूंर गांव स्थित धाम घोड़ी काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और गांव निवासी स्व. कुलदीप कुमार के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत प्रधान कल्पना शर्मा ने उन्हें शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। मौके पर एडीएम कुलवीर सिंह राणा, एचआटीसी निदेशक सुरजीत भरमौरी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।