जिला प्रारंभिक स्कूल खेलकूद संगठन की बैठक आयोजित, खेल प्रतियोगिताओं के वेन्यू तय

जिला प्रारंभिक स्कूल खेलकूद संगठन की बैठक आयोजित, खेल प्रतियोगिताओं के वेन्यू तय

डलहौजी/चम्बा, 8 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला प्रारंभिक स्कूल खेलकूद संगठन की वार्षिक बैठक आज राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलवीर सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचने पर स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रीतम ठाकुर द्वारा उन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता योगेश शर्मा ने उप जिला शिक्षा अधिकारी उमाकांत को भी बैज पहनाकर सम्मानित किया।बैठक में जिला भर से लगभग 400 शिक्षकों ने भाग लिया और अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम का संचालन एडीपीओ (सहायक जिला परियोजना अधिकारी) महेंद्र सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने इस अवसर पर वर्ष 2025 के लिए प्रस्तावित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों की जानकारी दी।

बैठक में यह तय किया गया कि जिला स्तरीय लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में आयोजित की जाएगी। वहीं, अंडर-14 बालिकाओं की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककीरा में किया जाएगा।एडीपीओ महेंद्र सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मौसम की स्थिति प्रतिकूल पाई गई तो खेलकूद प्रतियोगिताओं के निर्धारित वेन्यू में परिवर्तन संभव है। उन्होंने समस्त शिक्षकों व संबंधित स्कूल प्रबंधन से सहयोग की अपील की, जिससे आयोजन सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।बैठक के सफल आयोजन के साथ ही जिला में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!