राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, NH-154A पठानकोट-चंबा-भरमौर मार्ग के शीघ्र पुनरुद्धार पर जोर

चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में उनके निजी आवास पर महत्वपूर्ण बैठक की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 154A पठानकोट-चंबा-भरमौर मार्ग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करना था। इस रणनीतिक और महत्वपूर्ण मार्ग की खराब स्थिति को लेकर सांसद ने गहन विचार-विमर्श किया और इसे शीघ्र दुरुस्त कर पुनः जनता के उपयोग के लिए खोलने की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक के दौरान सांसद हर्ष महाजन ने मंत्रालय के अधिकारियों से पूरी स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि एनएच 154A की मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को इस परियोजना की अहमियत से अवगत कराते हुए बताया कि यह मार्ग क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।इसके अतिरिक्त, हर्ष महाजन ने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना की डेली प्रगति रिपोर्ट उन्हें नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर चरण पर काम की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में आगामी 10 सितंबर बुधवार को आधिकारिक रूप से उच्च स्तरीय मीटिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें मार्ग के पुनरुद्धार से संबंधित सभी आवश्यक पहलुओं पर समीक्षा की जाएगी।इस पहल से चंबा, भरमौर सहित पठानकोट क्षेत्र के लोगों को सड़क संचार सुविधा में काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सांसद हर्ष महाजन ने भरोसा दिलाया कि उनके प्रयास से जल्द ही यह मार्ग सुचारू रूप से चलाया जाएगा, जिससे क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी।