आज मुख्यमंत्री सुक्खू पहुंचे चंबा, आपदा प्रभावित क्षेत्रों को लेकर बैठक कर,किया दौरा

चंबा, 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिले में बीते दिनों हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने चंबा से जनजातीय क्षेत्र भरमौर तक लगभग 45 किलोमीटर लंबे मार्ग को जगह-जगह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। लगातार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ों से गिरी चट्टानों ने न केवल सड़कों को बाधित कर दिया है, बल्कि कई गांवों में भारी नुकसान भी दर्ज किया गया है। इस प्राकृतिक आपदा ने श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा को भी गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

मार्ग बाधित होने और आपदा की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की जानें जा चुकी हैं, जो प्रदेश सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के शीर्ष नेता लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं। पहले राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह चंबा पहुंच चुके थे। वहीं आज प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू स्वयं हेलीकॉप्टर से चंबा पहुंचे और आपदा प्रभावित इलाकों की स्थिति का अवलोकन किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश सरकार इस आपदा की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज किए गए हैं। हमारा प्रयास है कि सबसे पहले अवरुद्ध मार्गों को खोलकर आवागमन बहाल किया जाए ताकि लोगों को आवश्यक सुविधाएँ मिल सकें। मणिमहेश यात्रा हमारे श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।”मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से उचित सहायता प्रदान की जाएगी।
