जनजातीय क्षेत्र भरमौर के खड़ामुख-होली मार्ग पर महिंद्रा बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत

चम्बा, 09 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा-होली सड़क पर जिंयूंरा माता मंदिर के पास शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक महिंद्रा बोलेरो कैंपर HP 01C 3737 रावी नदी में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक सुनील कुमार (पुत्र किशो राम), निवासी कुलेठ, ग्राम पंचायत किलोड (लिल्ह) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बोलेरो वाहन विद्युत परियोजना में किराए पर लगा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को चालक प्रोजेक्ट कर्मचारियों की शिफ्ट छोड़कर वापस जिंयूंरा की ओर लौट रहा था। जिंयूंरा माता मंदिर के समीप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरा और सीधे रावी नदी में जा समाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
रात के अंधेरे और नदी के तेज बहाव के बीच लगभग पांच घंटे के संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद चालक का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया, जहां चिकित्सीय प्रक्रिया के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

घटना की पुष्टि करते हुए एसएचओ भरमौर बाबूराम ने बताया कि बोलेरो के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हुई है। स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयास से शव को रावी नदी से बाहर निकाला गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारों की कमी है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतें।