जिला स्तरीय परामर्श दात्री एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित, उपायुक्त चंबा रेपसवाल ने की अध्यक्षता

चंबा 20 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला स्तरीय परामर्श दात्री एवं समीक्षा समिति की तिमाही बैठक उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को जमा-ऋण अनुपात बढ़ाने और सरकारी योजनाओं के तहत ऋण प्रस्तावों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 1410.41 करोड़ रुपये का वार्षिक ऋण लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें तीसरी तिमाही तक 1184.48 करोड़ रुपये (84%) की उपलब्धि हासिल की जा चुकी है।

उन्होंने सभी बैंकों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और शिक्षा ऋण जैसी योजनाओं की जागरूकता बढ़ाने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।उन्होंने विशेष रूप से भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और राज्य सहकारी बैंक को सामाजिक दायित्व निभाते हुए एक कारगर रणनीति अपनाने और समय-समय पर इसकी समीक्षा करने को कहा। इसके अलावा, प्रदेश सरकार की लघु दुकानदार कल्याण योजना के तहत लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।भारतीय रिजर्व बैंक शिमला के एलडीओ आशीष सांगरा ने डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए मासिक कैंप आयोजित करने की सलाह दी। उन्होंने बैंकों को सभी क्षेत्रों में ऋण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।बैठक का संचालन जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक डीसी चौहान ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक प्रबंधक उपस्थित रहे।