रंगड़ों के आतंक से परेशान लाहड़ गांव के ग्रामीण, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

रंगड़ों के आतंक से परेशान लाहड़ गांव के ग्रामीण, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

डलहौजी / चंबा 21 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

भटियात विकासखंड की ग्राम पंचायत बैली के लाहड़ गांव में रंगड़ों (बड़े डंक वाले ततैयों) का आतंक लोगों के लिए सिरदर्द बन गया है। गांव के मुख्य मार्ग के साथ एक सीनियर सिटीजन दंपति के घर के पास रंगड़ों का विशाल छत्ता बना हुआ है, जो न केवल घर के निवासियों के लिए खतरा बना हुआ है बल्कि राहगीरों, छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर भी हमला कर चुका है।शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त तेज सिंह ठाकुर ने बताया कि वह स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते हैं और इस प्रकार के छत्तों को हटाने का अनुभव रखते हैं।

उन्होंने इसे हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन रंगड़ों के डंक का शिकार बन गए और कई दिनों तक बुखार से पीड़ित रहे।गांववासियों का कहना है कि मुख्य रास्ते पर होने के कारण यह छत्ता हर किसी के लिए खतरे का कारण बन गया है। अब तक कई ग्रामीण इन डंक मारने वाले कीड़ों का शिकार बन चुके हैं।तेज सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, वन विभाग तथा अग्निशमन विभाग को इस बारे में सूचित कर समस्या के समाधान की अपील की है, लेकिन अब तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई है।

गांव के लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस खतरनाक स्थिति से तुरंत निजात दिलाई जाए, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रशासन से अपेक्षा है कि जल्द ही इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!