राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

डलहौजी/ चम्बा 04 दिसम्बर मुकेश कुमार ( गोल्डी)

राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में बीते दिन सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात अनुशासन तथा दुर्घटना की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लापरवाह ड्राइविंग के मामलों को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण और उपयोगी साबित हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय नाग ने मुख्य अतिथि जगबीर ठाकुर, थाना प्रभारी डलहौजी, को स्मृति चिन्ह भेंट कर की। अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. नाग ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों से अवगत करवाते हुए कहा कि आज के समय में सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण लापरवाही और तेज रफ्तार है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह देते हुए कहा कि यदि हम जिम्मेदार चालक बनें, गति नियंत्रण में रखें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, तो दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।मुख्य अतिथि जगबीर ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों के पालन को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल, पैदल यात्री मार्ग, वाहन पंजीकरण, सीट बेल्ट और हेलमेट जैसे नियम सिर्फ कानून नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए अनिवार्य उपाय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज को भी यातायात अनुशासन के प्रति प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने थाना प्रभारी डलहौजी से सड़क सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रभावी तरीके से समाधान प्रस्तुत किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. मनोज कुमार, विजय कुमार, मोनिका, संजय कुमार सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाकर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!