स्वां नदी में वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध खनन गतिविधियों की संभावनाओं पर चर्चा

स्वां नदी में वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध खनन गतिविधियों की संभावनाओं पर चर्चा

ऊना, 12 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

ऊना जिले में स्वां नदी में वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध खनन गतिविधियों को पुनः आरंभ करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श के लिए बुधवार को उपायुक्त कार्यालय ऊना में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेन्द्र पाल गुर्जर ने की।बैठक के दौरान स्वां नदी का वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने, पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने, पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया अपनाने तथा स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों के समन्वय से खनन गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने इस बात पर सहमति जताई कि खनन कार्य केवल वैज्ञानिक अध्ययन और उचित योजना के आधार पर ही आरंभ किए जाएं ताकि पर्यावरणीय संतुलन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।अतिरिक्त उपायुक्त महेन्द्र पाल गुर्जर ने कहा कि यह पहल प्रदेश सरकार के उस निर्णय के अनुरूप है, जिसके तहत स्वां नदी में रेत के अत्यधिक जमाव, अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण, नदी के चैनलाइजेशन तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खनन किए जाने से न केवल नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखा जा सकेगा, बल्कि अवैध खनन पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।उन्होंने यह भी बताया कि योजनाबद्ध खनन से स्थानीय संसाधनों का सतत एवं संतुलित उपयोग सुनिश्चित होगा और सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस दिशा में शीघ्र ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि भविष्य में स्वां नदी में वैज्ञानिक और नियंत्रित खनन प्रक्रिया लागू की जा सके।बैठक में एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, जिला खनन अधिकारी नीरज कांत, खनन निरीक्षक पंकज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!