शिक्षकों के व्यावसायिक विकास हेतु उपायुक्त ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

चंबा, 16 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज नीति आयोग, चंबा जिला प्रशासन एवं भारती एयरटेल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नीति आयोग से ओएसडी शिक्षा लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र वर्मा तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की प्राचार्य डॉ. रजनी संख्यान वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुईं।उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की पेशेवर क्षमताओं को सुदृढ़ कर शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाना है।

उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र के भविष्य निर्माता बताते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब शिक्षक नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और नवाचार की दिशा में प्रेरित करें।मुकेश रेपसवाल ने कहा कि शिक्षक व्यावसायिक विकास कार्यक्रम शिक्षकों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि दी टीचर ऐप के माध्यम से शिक्षक हर महीने केवल दो घंटे का समय देकर निरंतर सीखने की प्रक्रिया से जुड़ सकेंगे, जो एक छोटी किंतु प्रभावशाली प्रतिबद्धता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि इस कार्यक्रम के राज्यव्यापी कार्यान्वयन की सफलता चंबा पर निर्भर करती है, इसलिए शिक्षकों को पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ भाग लेना चाहिए।

इस अवसर पर भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रवीण कुमार ने स्वागत संबोधन देते हुए पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलवीर सिंह, अमित तनेजा, समरदीप सिंह एवं संदीप कुमार ने दी टीचर ऐप से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।कार्यक्रम में चंबा के 15 खंडों के शिक्षकों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण बहु-कक्षीय एवं बहु-स्तरीय शिक्षण पर केंद्रित है, जिसमें मूलभूत साक्षरता, संख्यात्मकता और डिजिटल समावेशन को प्राथमिकता दी गई है।
