चंबा में रेड रिबन क्लब सदस्यों के लिए एचआईवी(एड्स) जागरूकता हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

चंबा 04 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला चंबा की ओर से आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संचालित रेड रिबन क्लबों के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जालम भारद्वाज ने की।जिले में स्थापित कुल 14 रेड रिबन क्लबों में से 9 क्लबों के नोडल अधिकारियों एवं पियर एजुकेटर्स ने इस प्रशिक्षण शिविर में सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सीएमओ ने उपस्थित प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि एड्स एक गंभीर एवं जानलेवा बीमारी है, और यदि इसका समय पर निदान व उपचार नहीं किया जाए तो मरीज की असमय मृत्यु की संभावना बढ़ जाती है।उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का मुख्य उपाय है। यदि व्यक्ति समय रहते जांच करवाए और नियमित रूप से एआरटी (ART) थेरेपी से उपचार ले, तो वह लंबा एवं सामान्य जीवन जी सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने एचआईवी/एड्स के लक्षण, संक्रमण के प्रमुख कारण, रोकथाम के उपाय तथा उपलब्ध उपचार सेवाओं पर विस्तृत जानकारी दी।सीएमओ ने 1097 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी बताया, जिस पर फोन कर एचआईवी/एड्स संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने रेड रिबन क्लब के सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने संस्थानों में युवाओं को इस बीमारी के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करें, ताकि युवा वर्ग को इसके संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।

कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में एचआईवी/एड्स के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना और युवाओं को रोकथाम एवं सुरक्षित व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।